सेक्टर-119 स्थित द अरण्या सोसाइटी में देर रात तक नहीं आई बिजली,
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-119 स्थित द अरण्या सोसाइटी में बुधवार सुबह आठ बजे से गुल हुई बिजली देर रात तक नहीं आई। सुबह से चल रहे जेनरेटर भी दोपहर तक बंद हो गए। ऐसे में दोपहर बाद से सोसाइटी के टावरों की लिफ्ट भी नहीं चल पाई और लोगों को 25 तल वाली सोसाइटी की सीढ़ियों से आना जाना पड़ा। बीमार बुजुर्गों को सीढ़ियों से उतरना भारी पड़ा और गर्भवती महिलाओं की सांसें भी फूल गईं। शाम होते ही पूरी सोसाइटी अंधेरे में डूब गई। बिजली न होने से लोगों को पानी के लिए भी तरसना पड़ा।
सोसाइटी में कुल आठ टावरों के 1200 फ्लैट में करीब 800 परिवार रह रहे हैं। सभी टावर 25 तल के हैं। लिफ्ट न चलने से कई महत्वपूर्ण काम भी रुक गए। द अरण्या सोसाइटी निवासी अखिल तिवारी ने बताया कि सोसाइटी में सुबह आठ बजे से बिजली नहीं आ रही थी। जेनरेटर चल रहे थे तो इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर के समय जब जेनरेटर भी बंद हो गए तो सोसाइटी के लोगों को लगा कि बिजली गई है कुछ देर में आ जाएगी। एक-दो घंटे तक बिजली नहीं आई तो लोगों ने मेंटेनेंस विभाग से पता किया तो निवासियों को पता चला कि सुबह से ही बिजली नहीं है। इसके बाद सोसाइटी में अफरा तफरी मच गई। किसी भी टावर की लिफ्ट नहीं चल रही थी। मेरा फ्लैट 24वें तल पर है। ऐसे में सभी को 24वें तल से सीढ़ियों से चढ़ना उतरना पड़ा।
सोसाइटी निवासी ललिता मैथ्यू ने बताया कि बिजली जाने का कारण पता किया तो बताया गया कि कुछ तकनीकी समस्या है। वहीं, कुछ देर बाद पता चला कि सोसाइटी के मेंटेनेंस विभाग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की वजह से बिजली की समस्या हुई है। हालांकि, समस्या का समाधान करने वाला कोई नहीं है। ललिता मैथ्यू ने बताया कि सोसाइटी में एओए है लेकिन वह सोसाइटी नहीं चला रही है। बिल्डर भाग चुका है और बिल्डर की ओर से एओए को सोसाइटी हैंडओवर भी नहीं की गई है। इस वजह से यहां पर मेंटेनेंस की समस्या चलती रहती है। सोसाइटी के एओए की पूर्व अध्यक्ष कला विजय ने बताया कि यहां पर बहुत सी समस्याएं हैं। सोसाइटी में प्लंबिंग और बिजली की समस्या खत्म नहीं हो रही है। देर रात तक बिजली नहीं आई और जेनरेटर भी काम नहीं कर रहे हैं।
लोगों ने मेंटेनेंस विभाग में किया हंगामा, होटलों में ली शरण
दोपहर के बाद से जेनरेटर नहीं चले, लेकिन दिन का उजाला था। वहीं, शाम होते ही सोसाइटी अंधेरे में डूब गई। अंधेरे की वजह से सीढ़ियां उतरने में भी लोगों को परेशानी होने लगी। समस्या बढ़ने पर सोसाइटी निवासियों ने पुलिस को बुलाया और मेंटेनेंस विभाग में हंगामा किया। खबर लिखे जाने तक सोसाइटी में बिजली नहीं आ पाई थी। हालांकि, एक-एक लिफ्ट चल गई थी। वहीं, रात में बिजली न आने की संभावना को देखते हुए कई लोगों ने होटलों में शरण ले ली।