तावड़ू। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर गांव कलवाड़ी के करीब कार से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, जबकि ट्राला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की कार्रवाई में जुट गई।
एएसआई फतेहसिंह ने बताया कि कार से भरा एक ट्राला मानेसर से फ़रीदाबाद की ओर जा रहा था। जब वह तावड़ू उपमंडल के गांव कलवाड़ी के फ्लाईओवर पर पहुंचा तो वो अनियंत्रित हो गया और उसका पिछला हिस्सा फ्लाईओवर में अटक गया। जबकि गाड़ी का अगला हिस्सा चालक सहित पुल से नीचे गिर गया। इस हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, जिसे मामूली चोट आई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत यह रही कि गिरने के समय फ्लाईओवर के नीचे कोई वाहन और राहगीर नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। एएसआई ने बताया कि घटना से संबधित अभी कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।