नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर 7.54 लाख ठगे
बिसरख कोतवाली पुलिस ने कोेर्ट के आदेश पर आरोपी महिला के खिलाफ दर्ज किया केस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महिला के खिलाफ नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर 7.54 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी महिला ने बेटे को नौकरी लगवाने का दावा कर पैसे लिए थे।
ट्रेनिंग के नाम पर बेटे को मुंबई भी भेजा लेकिन वहां ट्रेनिंग नहीं मिली। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। ठगी का एहसास होने पर पुलिस से शिकायत की पर कोई मदद नहीं मिली। ग्रेनो वेस्ट की एलीगेंट विले सोसाइटी में रहने वाली पीड़ित महिला सुरजीत कौर हरियाणा के यमुना नगर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यरत हैं। उन्होंने मामला दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात मंजू सिंह निवासी बसंत कुंज डीडीए अपार्टमेंट दिल्ली से हुई थी। मंजू ने डेनहोम मरीन कंसल्टेंसी नाम से अपनी कंपनी बताई। जो बेरोजगार युवाओं को मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाती है। पीड़िता ने भी अपने बेटे की नौकरी लगवाने की बात की। जिस पर आरोपी ने ट्रेनिंग के लिए 7.54 लाख रुपये की फीस बताई। दिसंबर 2022 से अगस्त 2023 तक आरोपी को कुल 7.54 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। तब आश्वासन दिया कि अगस्त, 2023 तक ट्रेनिंग पूरी कराकर नौकरी पर भेज दिया जाएगा। आरोप है कि आरोपी महिला ने 23 अगस्त, 2023 को मुंबई जाने को बोला। वहां पानी के जहाज में ट्रेनिंग होने का दावा किया। पीड़िता ने अपने बेटे को मुंबई भेज दिया लेकिन वहां चार दिन रहने के बाद भी कोई ट्रेनिंग नहीं हुई। उसके बाद आरोपी महिला के कहने पर बेटे को वापस बुला लिया। आरोप है कि उसके बाद आरोपी महिला झूठ बोलने लगी। शक होने पर उसने पैसे वापस मांगे तो पैसे देने से इन्कार कर दिया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से शिकायत की पर पुलिस ने मदद नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है। बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।