मशीन की सफाई करते समय दबकर इंजीनियर की मौत
रबूपुरा संवाद। यमुना सिटी के सेक्टर-119 में फूड पैकेजिंग कंपनी में कार्यरत सीनियर इंजीनियर की शनिवार सुबह मशीन साफ करते हुए मौत हो गई। अचानक से मशीन चालू हो जाने से वह दब गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रूप किशोर (51) अलीगढ़ जिले के पाली मुकीमपुर थाना क्षेत्र स्थित तरेंची गांव के रहने वाले थे। बीते तीन वर्षों से फूड पैकेजिंग कंपनी में कार्यरत थे। परिवार के साथ रबूपुरा की गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में रहते थे। भतीजे अतुल ने बताया कि शनिवार सुबह काम शुरू करने से पहले वाइंडर मशीन की सफाई का कार्य चल रहा था, जिसे रूप किशोर जांच रहे थे। परिवार में पत्नी समेत एक बेटा और बेटी है। थाना प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि परिवार की ओर से कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।