7340 people took the vaccine in mega vaccination, 3.50 lakh people have taken corona vaccines in the district
नूंह। जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़े गांवों सहित 168 जगहों पर टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 5953 ने पहली और 1387 लोगों ने दूसरी डोज ली। मेगा अभियान के दौरान कुल 7340 लोगों का टीकाकरण किया गया। अब तक जिले में कुल 3 लाख 50 हजार 584 लोगों को टीकाकरण हो चुका है। इनमें 2,90,856 को पहली और 59,728 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को अधिक से अधिक टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए मंदिरों व मस्जिदों के प्रमुखों और अन्य धर्मगुरुओं सहित राजनेताओं से भी सहयोग लिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के लिए आगे आएं। प्रदेश के अन्य जिलों की अपेक्षा नूंह जिले में लोग टीकाकरण में अधिक रुचि नहीं ले रहे हैं। इस बात को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा तेजी से अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग अब तक 30 कर्मचारियों को टीकाकरण में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी कर चुका है। जबकि, अन्य जगहों पर भी लापरवाही बरतने वालों की जांच की जा रही है। जिले में संपूर्ण आबादी के टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग आगामी रणनीति पर कार्य कर रहा है। जिले में वैक्सीनेशन अभियान की कमान संभाल रहे जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बसंत दुबे ने बताया कि मेगा टीकाकरण अभियान के तहत 168 जगहों पर 7340 लोगों का टीकाकरण किया गया। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कैंप में आने वाले लोगों को किसी प्रकार के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं है। सभी लोगों का पहले आओ पहले लगवाओ की तर्ज पर रजिस्ट्रेशन किया गया।