संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग की ओर से चलाए जा रहे 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान में बीते 18 दिनों के दौरान करीब 700 लोगों ने जांच कराई है। इनमें करीब छह मरीजों में टीबी के लक्षण मिले। विभाग के अनुसार, सभी चिह्नित मरीजों का इलाज शुरू कर दिया है।
विभाग के डॉट्स सेंटर के इंचार्ज डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से टीबी जैसी संक्रामक बीमारी नियंत्रित की जा सकती है। इसमें लगातार खांसी आना, बुखार रहना, वजन कम होना और रात में अत्यधिक पसीना जैसे प्रमुख लक्षण शामिल हैं। इस अभियान के जरिए टीबी से होने वाले नुकसान और लक्षण के बारे में जागरूक किया जा रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में टीबी की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क है।