नोएडा। सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक के ट्विन टावर गिराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 32 मंजिला टावर को गिराने का काम 70 लोगों की टीम करेगी। इसमें मजदूरों से लेकर इंजीनियर तक शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को एडिफिस के इंजीनियरों ने मौका मुआयना किया। साइट पर मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कमरे बनाने का काम शुरू किया गया है। टावरों के बेसमेंट में भरे पानी को पंपिंग सेट के जरिये निकालने का काम भी किया जा रहा है।
दोनों टावरों को गिराने के लिए अलग-अलग महकमों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया जारी है। टावरों में जगह-जगह विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी पूरी कार्ययोजना बनाई जा रही है। अगले सप्ताह इसकी रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंपी जाएगी जिसमें कंपनी को यह बताना होगा कि 32 मंजिल तक बने ट्विन टावर में कितनी जगहों पर कितना विस्फोटक लगेगा और दोनों टावर कितनी देर में गिरेंगे। अनुमति मिलने के बाद पुलिस से अनापत्ति प्रमाण लिया जाएगा। 22 मई तक दोनों टावर ध्वस्त करने हैं।
टावर ध्वस्त होने के बाद करीब तीन महीने मलबा हटाने में लगेंगे। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन से लेकर एंबुलेंस तक की व्यवस्था मौके पर होगी। दोनों टावरों को गिराने का अंतिम कार्ययोजना अगले सप्ताह तय हो जाएगी। इससे पहले टावरों को गिराने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और जनरेटर सेट आदि मौके पर पहुंचाई जाने लगी हैं।