बच्ची के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार महिला।
भीख मंगवाने के लिए 6 साल की बच्ची का अपहरण
नोएडा। एक महिला ने भीख मंगवाने के लिए भंगेल निवासी 6 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर लिया। कोतवाली फेज टू पुलिस ने अगवा बच्ची को सकुशल मुक्त करा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को गिरफ्तारी के बाद महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, भंगेल निवासी महिला ने 15 जनवरी को कोतवाली फेज टू पुलिस मेें शिकायत की थी कि उसकी छह साल की बेटी कहीं गुम हो गई है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि छतरपुर, मध्यप्रदेश निवासी नीलू कुशवाहा इस मामले में संलिप्त है। पुलिस टीम तुरंत ही छतरपुर गई। वहां से पता चला कि महिला बच्ची को लेकर दिल्ली चली गई है। पुलिस ने रविवार को सेक्टर-82 रेड लाइट के पास से आरोपी नीलू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि महिला ने भीख मंगवाने के लिए बच्ची का अपहरण किया था।
बेटी की हत्या में गई थी जेल
कोतवाली फेज टू की प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने बताया कि गिरफ्तार महिला नोएडा में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करती है। जिस बच्ची को इसने अगवा किया, उसकी मां भी उसी साइट पर काम करती है। आरोपी महिला ने कुछ साल पहले अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। इसमें वह जेल भी गई थी। महिला का पति से रिश्ता टूट चुका है। वह अकेले ही नोएडा में रहकर काम करती है।