नूंह। जिले में रविवार को कोरोना के 6 नए मामले सामने आए। पिनगवां में 2, पुन्हाना में 2, तावडू में एक, फिरोजपुर झिरका में एक नया मामला सामने आया है। वहीं रविवार को सात मरीज ठीक भी हुए, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा डिस्चार्ज कर दिया गया है। बीते दिनों से जिले में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को एक साथ जिले में 14 नए कोरोना के मामले सामने आए वहीं शुक्रवार को भी जिले में कोरोना के 20 केस देखे गए।
कोरोना के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस बारे में सिविल सर्जन डॉक्टर जेएस पुनिया और डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर अरविंद ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में लगातार जांच कर रही है। कई पर भी संदेह होने पर हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है। लोगों को भी स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने की जरूरत है।
बता दें, कि नूंह जिले में कोरोना के 64 मरीज हैं। जिले में कोरोना के 247 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 183 मरीज ठीक हो चुके हैं। 9354 लोगों को निगरानी पर रखा जा चुका है, जिनमें से 8269 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 1085 लोगों की निगरानी जारी है। 8343 लोगों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 7995 की निगेटिव रिपोर्ट आई है और 83 की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है।