56 people donated blood, 2540 took corona vaccine
नूंह/फिरोजपुर झिरका। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 56 लोगों ने रक्तदान किया और करीब 100 ने नूंह और 200 लोगों ने पुन्हाना और पिनगवां में कोरोना की वैक्सीन लगवाई। इसके अलावा तावडू के 14 शिविरों में 2240 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ के पुत्र आदित्य धनखड़ ने कहा कि पीएम की सोच में हमेशा राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 एवं 35ए को हटाकर पूरे देश को कश्मीर में वैसे ही अधिकार उपलब्ध कराए हैं, जैसे अन्य राज्यों में हैं। ये मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर मेवात में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नूंह, तावडू, पुन्हाना, नगीना, पिनगवां और फिरोजपुर झिरका सहित सभी मंडलों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर जनसेवा का परिचय दिया। नूंह स्थित भाजपा कार्यालय में रक्तदान शिविर व विभिन्न जगहों पर पौधरोपण के साथ शहर के यासीन मेव डिग्री कॉलेज में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 56 लोगों ने रक्तदान और 100 लोगों ने कोरोना के टीके लगवाए। सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को फल और गरीबों को अनाज वितरण का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि पीएम को उनके जन्मदिवस पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने भारी संख्या में पोस्ट कार्ड भेजकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। मेवात में लोगों ने घरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा कार्यालयों में यज्ञ कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद बाई, अख्तर काटपुरी, जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन, जसवंत गोयल, ताहिर हुसैन, बीरपाल कालियाका, केशव पंडित, जिला महामंत्री दलबीर सिंह, रमेश मानूवास, उमेश आर्य, मनीष यादव, रहीश अलालपुर, जयपाल जांगडा, अंजूबाला, जुबेर अहमद पुन्हाना आदि मौजूद रहे।