-जयपुर में कल से आयोजन, देश-विदेश के 300 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के पांच ताइक्वांडो खिलाड़ी राजस्थान में होने वाली वर्ल्ड वाइड सुपर लीग इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप सीजन-2 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनका चयन राष्ट्रीय स्तर व एशियाई खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के तत्वावधान में 10 से 12 अप्रैल तक चैंपियनशिप का आयोजन जयपुर के खेलो इंडिया इंडोर हॉल में किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से 300 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा से चयनित खिलाड़ियों में एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी के देवांश सिवाच, तुगलपुर गांव के तनिष चेची, ऐस प्लेटिनम सोसाइटी के कर्तव्य रावत, कुलेसरा गांव के जीशान मेवाती और सेक्टर बीटा-1 के विवान शर्मा शामिल हैं।
कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर मिला अवसर
पांचों खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा के रयान इंटरनेशनल स्कूल में संचालित ताइक्वांडो अकादमी में कोच योगेश राव के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं। कोच ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर उन्हें यह अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी पदक जीतकर जरूर लौटेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व का क्षण है।