नूंह। जिले में रविवार को कोरोना के 30 नए केस सामने आए। वहीं, 5 लोगों की मौत भी हुई। इससे पूर्व एक दिन में सर्वाधिक 7 मौतें हुई थी। जिले में महामारी से मरने वालों की संख्या 86 तक पहुंच गई है। वहीं, बीते 24 घंटे में 45 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया है। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या तो कम हुई लेकिन मौतों का सिलसिला नहीं रुक गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कोरोना से नूंह शहर के वार्ड तीन से 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला, शाहपुर नंगली गांव से 71 वर्षीय बुजुर्ग, तावडू के वार्ड 10 से 37 वर्षीय युवक, गांव उजीना से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला और फिरोजपुर झिरका के आगेन गांव से 78 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा। वहीं रविवार को जिले के नूंह खंड में 12, इंडरी में 2, तावडू में 9, पुन्हाना में 1, नगीना में 4 और फिरोजपुर झिरका में कोरोना के 2 मामले सामने आए। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 204 रह गई है। अभी 1615 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। अभी भी जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर दिन लगभग 800 मरीजों की कोरोना जांच की जा रही है। जिले में अब तक कोरोना के 4741 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 4451 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 255950 लोगों के सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। वहीं, जिले में अब तक 100534 लोगों को सर्विलांस पर लिया जा चुका है। इनमें से 78959 लोगों ने अपनी निगरानी अवधि पूरी कर ली है।