पलवल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की चल रही 12वीं की परीक्षाओं को नकल रहित कराने के दावे पलवल जिले में पूरी तरह से फेल हो रहे हैं। शनिवार को हुए भौतिकी तथा अर्थशास्त्र की परीक्षा में भी जिले के परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल चली। बोर्ड के उड़नदस्तों द्वारा जिले में नकल करते हुए 48 परीक्षार्थियों को पकड़कर उनके खिलाफ केस बना दिए। 42 केंद्रों पर हुए पेपर के दौरान काफी पुलिस कर्मियों के तैनात होने के बावजूद नकल फेंकने वालों ने बच्चों को पेपर में नकल की पर्चियां बनाकर खूब नकल फेंकी। कोई छत के ऊपर चढ़कर तो कोई सीढ़ियों को लगाकर दीवार पर चढ़कर नकल फेंकता रहा। पुलिस कर्मियों ने कई नकल फेंकने वालों को पकड़कर कान पकड़ा उठक-बैठक भी कराई, लेकिन उसके बावजूद नकल फेंकने वाले बाज नहीं आए।
शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा के भौतिकी व अर्थशास्त्र का पेपर देने पहुंचे परीक्षार्थियों की पूरी जांच करने के बाद परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रवेश कराया गया। पेपर शुरू होने से आधा घंटा पहले 12 बजे ही परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश करा दिया गया। पेपर मिलने के बाद भौतिकी का पेपर दे रहे काफी बच्चे सवालों को देख थोड़े निराश हुए, लेकिन बाद में पेपर हल करने में लग गए। परीक्षा केंद्रों में कार्यरत सुपरवाइजर बच्चों से पर्चियां छीनकर बाहर फेंकते रहे।
42 केंद्रों पर हुई परीक्षा
जिले में कक्षा 12वीं का पेपर 42 केंद्रों पर कराया गया। हालांकि जिले में 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पलवल में 36, होडल में 26 तथा हथीन उपमंडल में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाई हुई है। उसके अलावा जिले में हथीन, होडल व पलवल के अंदर करीब 8 संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए हुए हैं। जिन पर सुरक्षा को लेकर काफी इंतजाम किए हुए हैं, उसके बावजूद नकल कहीं रुकती दिखाई नहीं दी।