रियाज को शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल
तावड़ू। उपमंडल के गांव सिलखो निवासी रियाज अख्तर ने जयपुर में मार्क्समेन राइफल बीकानेर द्वारा आयोजित 12वीं महाराजा डॉ. करणी सिंह मेमोरियल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल जीता। पूर्व परिवहन मंत्री चौ. आफताब अहमद ने रियाज के खेल को सराहा।
12 जुलाई से जयपुर में आयोजित हुई चार दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने अलग अलग इवेंट में भाग लिया था। प्रतियोगिता में रियाज ने 10 मीटर की एयर राइफल निशानेबाजी में भाग लिया। इसमें सिल्वर मेडल पर कब्जा किया।
बकौल रियाज, शुरू से ही निशानेबाजी का शौक रहा है। एक महीने पहले प्रशिक्षण लेने के बाद हरियाणा स्टेट लेवल के लिए क्वालीफाई किया। एक जुलाई से पांच जुलाई तक दिल्ली के तुगलकाबाद में राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित हरियाणा स्टेट शूटिंग चैंपियन प्रतियोगिता में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई कर अपना दम दिखाया। पंचायत विभाग से सेवानिवृत्त रियाज के पिता मामून राशिद ने बताया कि बेटे को शुरू से ही निशानेबाजी का शौक था।