पुन्हाना। राज्य सरकार ने नूंह के गांवों की सड़कों के नवीनीकण और कई सड़कों के निर्माण के लिए 33 करोड़ 16 लाख 42 हजार रुपये मंजूर किए हैं। नूंह जिले के 9 रूटों पर बनने वाली सड़कों का काम 6 माह में पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर निकालकर ठेकेदारों से ऑनलाइन आवेदन मंागे हैं।
नूंह लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता जग भूषण ने बताया कि नूंह जिले में 5 करोड़ 90 लाख 19 हजार की लागत से भादस-घाघस-रनियाला पटाकपुर रोड मंजूर किया गया है। यह रोड वाया नोटकी, सांटावाड़ी, मांडीखेड़ा, बस्सर खानजादा, खानपुर घाटी बनेगा। बड़का अलीमुद्दीन रोड पर 5 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च होंगे। पिनगवां से बादली सड़क के निर्माण पर दो करोड़ 60 लाख 73 हजार की लागत आएगी। इससे गांव अकबरपुर, झारपुडी, मल्हाका, गंगवानी को फायदा होगा। वहीं तीन करोड़ 9 लाख 72 हजार की लागत से पुन्हाना-शिकरावा- लुंहिगाकलां रोड का निर्माण होगा। इससे सुल्तानपुर, तेड़, पिनगवां, पापड़ा, अकबरपुर, गंगवानी गांवाें से गुजरेगा। दो करोड़ 38 लाख 76 हजार रुपये नूंह से कुर्थला वाया सालाहेड़ी, टाईं वे बैंसी सडक के निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। तीन करोड़ 32 लाख 94 हजार की लागत से टूंडलाका से मुढेता सड़क का निर्माण होगा। इससे बादली, मामलीका, पापड़ा आदि गांवों को फायदा होगा।
सोलपुर कोलगांव वाया बनारसी, रीघड, अलीपुर, हेबतका, मरोडा, बलई सडक पर 3 करोड़ 37 लाख 20 हजार रुपये की लागत आएगी। नूंह से मुरादाबाद सड़क पर 3 करोड़ 25 लाख 86 हजार और अलीपुर हेबतका से नांगल मुबारिकपुर वाया रानिका सड़क पर 4 करोड़ 20 लाख 81 हजार रुपये खर्च होंगे। नूंह जिले में विभिन्न खंडो में बनने वाली सड़कों पर करीब 33 करोड़ 16 लाख 42 हजार रुपये की लागत आऐगी। अधिकतर सड़कों पर मरम्मत का काम होगा। गांव मामलीका निवासी दीन मोहम्मद, शेर मोहम्मद, मुजमम्मिल हुसैन और उमर मोहम्मद का कहना है कि मुंढेता से गांव बादली तक सड़क का निर्माण करीब 20 साल पहले हुआ था। काफी समय होने के कारण इसकी हालत काफी खराब हो चुकी है।