आज रूट देखकर निकलें
जाम न कर दे परेशान
- छठ पूजा पर श्रद्घालुओं की भीड़ से गहरा सकती है समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक से नोएडा की सड़कें पहले ही जाम से जूझ रही हैं। ऐसे में मंगलवार दोपहर बाद छठ पर उमड़ने वाली श्रद्घालुओं की भीड़ से जाम की समस्या गहरा सकती है। इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का डायवर्जन करने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर महामाया फ्लाईओवर के रास्ते कालिंदी कुंज मार्ग पर दोपहर 2 बजे से बुधवार सुबह तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा व सेक्टर-125 की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गऊशाला गोल चक्कर कट से डीएनडी फ्लाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, डीएनडी और चिल्का रेगुलेटर होकर भी वाहन दिल्ली की ओर जा सकेंगे। वहीं, महामाया फ्लाईओवर से डीएनडी की ओर उतरने वाले लूप के जरिये सेक्टर-37 की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी डायवर्जन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का रूट भी डीएनडी और चिल्ला कट की तरफ डायवर्ट किया जा सकता है। हालांकि, दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक जारी रहने पर समस्या बढ़ सकती है।