उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 5545 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3024 इस परीक्षा में शामिल नहीं हुए। केवल 2521 ने दोनों पालियों में परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त निगरानी की। परीक्षा केंद्रों पर एआई तकनीक की मदद से सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर ही आभूषण, घड़ी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उतरवाकर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। सुबह की पहली पाली शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हुई। सभी सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
बिछुआ उतरवाने पर महिला अभ्यर्थियों ने किया हंगामा
शहर के बागला इंटर कॉलेज में प्रवेश के दौरान बिछुआ उतरवाने पर महिला अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। महिलाओं का कहना था कि वह बिछुआ नहीं उतारेंगी, लेकिन आभूषण सहित प्रवेश न दिए जाने के नियम को लेकर प्रशासन की ओर से सख्ती बरती गई। काफी देर हंगामे के बाद बिछुआ पर काली टेप लगाए जाने की व्यवस्था की गई। सभी महिलाओं से उनके बिछुओं पर काला टेप लिपटवाया गया, तब जाकर बिछुआ पहने महिलाओं को प्रवेश दिया गया।
तीन मिनट की देरी से छात्रा की परीक्षा छूटी
परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने के लिए काफी सख्ती रही। निर्धारित समय से कुछ मिनट देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश नहीं दिया गया। शहर के अलीगढ़ रोड स्थित अक्रूर इंटर कालेज पर एक युवती करीब तीन मिनट देरी से पहुंची। इस युवती द्वारा गुहार करने के बाद भी प्रवेश नहीं दिया गया। युवती ने बताया कि ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से वह समय से नहीं पहुंच सकी।
रोडवेज बसें कम पड़ गईं
शाम करीब साढ़े चार बजे परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थी अपने घरों के लिए रवाना हुए। इस दौरान सड़कों पर अच्छी संख्या में
अभ्यर्थी दिखाई दिए, जिससे सार्वजनिक वाहनों की कमी हो गई। आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद आदि के अभ्यर्थियों को रोडवेज बस के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। करीब दो घंटे में शहर से सभी अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो पाए।
पूरे दिन दौड़ते रहे डीएम सहित अन्य अधिकारी
सुबह से ही डीएम और पुलिस अधिकारी दौड़ते रहे। डीएम राहुल पांडेय ने रामबाग इंटर कॉलेज, अक्रूर इंटर कॉलेज, सेठ फूलचंद बागला डिग्री कॉलेज, पीबीएएस इंटर कॉलेज और सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इन परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली देखी। सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती एवं उनकी सक्रियता की भी जांच की। इस दौरान एएसपी, संबंधित एसडीएम, सीओ, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने भी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।