ग्रेटर नोएडा में 3000 सफाई कर्मचारियों को तैनात करेगा प्राधिकरण
- गंदगी की बढ़ती शिकायतों को दूर करने के लिए बन रही योजना, अभी 2100 कर्मचारी तैनात
- अभी 2100 कर्मियों के जिम्मे है शहर की सफाई व्यवस्था
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गंदगी और कूड़ा नहीं उठने की शिकायतों के निवारण के लिए ग्रेनो प्राधिकरण 3000 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात करेगा। अभी 2100 कर्मचारियों के जिम्मे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था है। नए सफाई कर्मचारियों की तैनाती के बाद यह आंकड़ा 5100 हो जाएगा। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट के तौर पर दो जोन में सफाई व्यवस्था बांटे जाने की योजना भी आने वाले दिनों में प्राधिकरण लागू कर सकता है।
सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर बढ़ते शहर को देखते हुए सफाई व्यवस्था को भी बेहतर करने पर काम शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की योजना है कि शहर के विस्तार और आबादी के अनुपात में सफाई कर्मचारी रहें। अभी सफाई कर्मचारी कम होने की वजह से नए विकसित सेक्टरों और ग्रामीण इलाकों में नियमित सफाई नहीं हो पाती है। यहां क्यूआरटी की मदद से सफाई करानी पड़ती है। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट जोन में भी व्यवस्था लागू होने से राहत मिलेगी। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से लेकर कई दूसरे प्रयोग सफाई में दो जोन व्यवस्था के तौर पर ही किए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी अब ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की संख्या में भी आवश्यकता के मुताबिक ही बढ़ाई जानी है। अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। अभी प्राथमिकता में ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियाें के बाहर और शहर के गांव शामिल हैं। इसके बाद ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे और 130 मीटर के आसपास के सेक्टर और गांव को प्राथमिकता में शामिल किया जाएगा।