जेवर बांगर में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 300 करोड़
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के दायरे में आने वाले 3060 परिवारों को जेवर बांगर में शिफ्ट किए जाने के मद्देनजर प्राधिकरण ने विकास कार्य शुरू करा दिए हैं। इन पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सभी कार्य मई 2021 तक पूरे करा दिए जाएंगे।
दरअसल, नोएडा एयरपोर्ट के लिए रोही, पारोही, किशोरपुर, रन्हेरा, दयानतपुर और बनबारीवास की 1334 हेक्टेयर जमीन अधिगृहीत की गई थी। इनमें से दयानतपुर, रोही व किशोरपुर के 3060 परिवारों को जेवर बांगर में शिफ्ट किया जाएगा। जेवर बांगर में 48 हेक्टेयर जमीन पर विकास कार्य शुरू हो गए हैं। यहां सात ब्लॉक विकसित होंगे। हर ब्लॉक में अलग गांव के परिवारों को बसाया जाएगा। यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि जेवर बांगर में सड़क, सीवर, बिजली की लाइन, पानी का ओवरहेड टैंक आदि कार्य शुरू हो चुका है। मई 2021 तक सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां किसान परिवारों को 50 से 500 वर्गमीटर साइज के प्लॉट दिए जाएंगे। प्रभावित परिवारों के वर्तमान आवास का सर्वे कर प्लॉट के साइज तय किए गए हैं। वर्तमान आवास का 50 प्रतिशत प्लॉट दिया जा रहा है। यहां स्कूल से लेकर सामुदायिक केंद्र तक की सुविधाएं होंगी।
ग्रामीण तय करेंगे जेवर बांगर का नाम
डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि जेवर बांगर में नया शहर बसाया जा रहा है। इसमें नोएडा एयरपोर्ट को जमीन देने वाले किसान परिवार रहेंगे। जेवर बांगर का नाम वे लोग खुद तय करेंगे। वे सेक्टर रखना चाहेंगे तो सेक्टर पर स्वीकृति दे दी जाएगी। गांव का नाम रखना चाहते हैं तो उस पर भी प्राधिकरण को कोई दिक्कत नहीं होगी।