नूंह। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर अवैध तरीके से खड़े 30 वाहनों के चालान काटे। केएमपी सहित अन्य मार्गों पर आए दिन अवैध तरीके से खड़े वाहनों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। इनसे निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस निरीक्षक सोरनलाल ने बताया कि पुलिस कप्तान वरुण सिंगला के दिशा-निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार के अवैध वाहनों को मुख्य मार्गों पर खड़े नहीं होने दिया जाएगा। इन वाहनों के कारण लोग हादसों का शिकार होते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को ओवरलोड, ओवर स्पीड और अवैध खड़े 30 वाहनों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जागरूकता अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रूप से सत्यवान, विवेक, अख्तर सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे।