3 arrested for cheating by pretending to invest in the company
तावडू। शहर पुलिस ने कंपनी में निवेश का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान तैय्यब हुसैन, बसीर और रुजदार निवासी सिरमोली जिला अलवर के रूप में हुई। इनके पास से 15 हजार की नकदी भी बरामद हुई है। आरोपियों पर वर्ष 2019 में शहर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, थाने में दर्ज एक मुकदमे में आरोपी लगभग 2 साल से फरार चल रहे थे। शातिरों ने तावडू डालाबास निवासी एक व्यक्ति को कंपनी में निवेश कर लाभ दिलाने का झांसा देकर लगभग 20 लाख रुपये की ठगी की थी। पीड़ित की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। वहीं शनिवार को एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई, फिर उसकी निशानदेही पर दो और आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई। आरोपियों से 15 हजार की नकदी भी बरामद हुई है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले में फरार चल रहे तैय्यब हुसैन, बसीर और रुजदार निवासी सिरमोली जिला अलवर को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित तावडू डालाबास निवासी जाबिर का कहना है कि शातिरों पर फिरोजपुर झिरका थाना, दिल्ली करोल बाग और बाराखंबा थाने में भी करोड़ों की ठगी के मामले दर्ज है। उन्होंने बताया आरोपी रुपये ऐंठने के लिए अलग-अलग नाम से फर्जी कंपनियां बनाते हैं। ठगी करने के बाद कंपनी को बंद कर देते हैं। मेवात क्षेत्र में इनका एक बहुत बड़ा सक्रिय गैंग है।