अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार सुबह उत्तर-पश्चिम जिले से बम की 29 कॉल आने से अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। मौजूदा व्यवस्था के तहत पुलिस के सभी पंद्रह जिलों में एक-एक बम व डॉग स्क्वायड की टीम है। अमूमन इनकी भी जरूरत कभी कभार ही पड़ती है। 29 कॉल आने के बाद सभी जगह एक समय में बम व डॉग स्क्वायड भेजना संभव नहीं था।
ऐसे में लोकल पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने एरिया के स्कूल पहुंचने के आदेश जारी किए गए। इसके बाद जैसे-तैसे तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों से कहा गया कि वह स्कूल पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित निकलवाने में स्कूल प्रशासन की मदद करें। इसके अलावा स्कूल के बाहर के हालात पर भी नजर रखें। अभिभावक स्कूल के बाहर जुटना शुरू हो गए थे। पुलिस ने सभी से न घबराने की अपील की। हालात को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस की दूसरी यूनिट में तैनात बम व डॉग स्क्वायड को भी जिलों में बुला लिया। स्कूलों का चप्पा-चप्पा खंगाला गया। इसके बाद सभी कॉल्स को झूठा करार दे दिया गया।
223 कॉल दिल्ली पुलिस को स्कूलों से मिलीं
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के स्कूलों से बम की 223 कॉल आईं। इनमें सबसे अधिक उत्तर-पश्चिम और सबसे कम उत्तर-पूर्व और उत्तरी दिल्ली में आईं। दिनभर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्कूलों में डटे रहे।
स्कूलों से पुलिस मिली कॉल
. पूर्वी जिला24
. उत्तर-पूर्वी जिला03
. शाहदरा जिला22
. उत्तरी जिला-03
. बाहरी-उत्तरी-04
. बाहरी जिला-16
. पश्चिम जिला21
. रोहिणीजिला-10
. द्वारका जिला-24
. दक्षिण-पश्चिम20
. दक्षिण जिला-18
. दक्षिण-पूर्व10
. नई दिल्ली-06
. मध्य दिल्ली13
(कुल कॉल्स की संख्या-223)