तावडू। उपमंडल के अंतर्गत बिजली विभाग द्वारा बिजली चोरी पकड़ो अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को अभियान के तहत 26 लोगों पर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया। जिसको लेकर बिजली चोरी करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम सब डीवीजन तावडू के एसडीओ लियाकत अली ने बताया कि निगम की ओर से पिछले काफी दिनों से बिजली चोरी पकड़ो अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत निगम द्वारा बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को अभियान तहत तावडू शहर के अलग-अलग वार्डों और गांव निजामपुर सहित कुल 26 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी करने के आरोप में लगभग 12 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। एसडीओ के मुताबिक बिजली चोरी के कारण शहर में लाइन लॉस हो रहा है। इससे विभाग को भारी नुकसान हो रहा है। जिसको लेकर शनिवार सुबह अलग-अलग टीमें गठित कर शहर में चोरी पकड़ो अभियान के दौरान टीमें भेजी गई। उन्होंने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में डिफाल्टर उपभोक्ता है। जिन पर विभाग का भारी बिजली बिल बकाया है। एसडीओ ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वह अपनी बकाया राशि विभाग में जल्द जमा कर दे। अन्यथा उनके खिलाफ भी पुलिस व विभागीय तौर पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर व गावों में लगातार बिजली चोरी पकड़ने का अभियान जारी रहेगा। बिजली चोरी को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।