नोएडा। जिले के युवाओं में टीकाकरण के प्रति उत्साह दिखाई दिया। बुधवार को 2546 युवाओं ने वैक्सीन लगवाई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन केंद्रों में इजाफा करते हुए इनकी संख्या 24 कर दी है। इन सभी केंद्रों पर तीन दिनों में बुधवार को सबसे अधिक 6671 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने से अफरातफरी का माहौल नहीं रहा। हालांकि, केंद्रों में भीड़ रही, लेकिन सभी लोगों का टीकाकरण किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि 18 से 44 वर्ष के बीच 2546 लोगों ने पहली डोज ली। 60 वर्ष और इससे ऊपर आयु के 477 बुजुर्गों ने पहली और 1102 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। 45 से 59 वर्ष के बीच के 1293 लोगों ने पहली और 1062 ने दूसरी डोज लगवाई। 26 स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली और 21 ने दूसरी खुराक ली। वहीं, 98 फ्रंटलाइन वारियर्स ने पहली और 46 ने दूसरी खुराक ली। सेक्टर-30 जिला अस्पताल में बुधवार को 878 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें 45 वर्ष से ऊपर 527 लोगों ने टीके लगवाए। इसमें 133 लोगों ने पहली डोज और 394 लोगों ने दूसरी डोज ली। वहीं, 18 से 44 वर्ष के 351 लोगों का टीकाकरण किया गया।
टीकाकरण में युवा दिखा रहे उत्साह
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को टीकाकरण अभियान चलाया गया। सैकड़ों युवाओं ने लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। बिसरख, दादरी, दनकौर व जेवर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई। इनमें सबसे अधिक संख्या युवाओं की रही। 18 से 44 साल के युवाओं में टीकाकरण को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जेवर स्वास्थ्य केंद्र पर 18 साल से अधिक उम्र के 150 और 45 साल से ऊपर के 120 लोगों को टीके लगाए गए। दादरी में 18 साल से अधिक आयु के 180 लोगों को टीके लगे। दनकौर में 219 लोगों को टीके लगाए गए। वहीं, 45 साल से अधिक उम्र के 180 लोगों को टीका लगवाया। जिम्स में कुल 658 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसमें 18 साल से अधिक उम्र के 271 व 45 साल से अधिक उम्र 387 लोगों को टीके लगाए गए। एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह व एसडीएम सदर प्रसून द्विवेदी की टीम ने दनकौर व नवादा गांव का दौरा किया। नवादा में टीम भेजकर 123 लोगों का टीकाकरण कराया गया।