ग्रेटर नोएडा। आम लोगों के साथ अब संक्रमण का असर जेल की चारदीवार के भीतर भी पहुंच गई है। विभिन्न धाराओं में निरुद्ध जिला जेल के 23 बंदी समेत जेलर एके सिंह भी परिवार समेत कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। सभी संक्रमित बंदी व जेलर समेत उनके परिवार के लोगों को दनकौर के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेल प्रशासन ने बताया कि शुरुआती दौर में ही जेल परिसर में आने वाले विभिन्न बंदियों के एक अहाते में अस्थायी जेल बनाया गया था। इसमें नए बंदियों को 24 से 48 घंटे रखा जाता है। कोरोना जांच भी कराई जाती है। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें मुख्य जेल में ट्रांसफर करते हैं। मौजूदा समय में जो बंदी संक्रमित मिले हैं वे सभी अस्थायी जेल में ही बंद थे। इनकी आरटीपीसीआर जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट में 23 बंदियों को संक्रमित पाया गया है। जेलर एके सिंह की आरटीपीसीआर जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जेल परिसर के स्थायी बैरक में भी कई बंदी बुखार से पीड़ित हैं। जिनका उपचार जेल परिसर के ही अस्पताल में चल रहा है। बता दें कि मौजूदा समय में जेल में करीब 2500 बंदी हैं।
अस्थायी जेल में 23 बंदी संक्रमित मिले हैं। एक जेलर भी परिवार समेत संक्रमित हुए हैं। सभी को निम्स में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मामूली रुप से बीमार बंदियों का इलाज भी जेल के अस्पताल में चल रहा है।
- प्रदीप कुमार, प्रभारी जेलर