नूंह। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कई दिनों से लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को 23मरीजों के आने से अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 317 हो चुकी है। सरकारी अस्पतालों के साथ प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की संख्या काफी बढ़ रही है।
बृहस्पतिवार को भी 94 लोगों की जांच की गई। अभी तक जिले में 1141 लोगों की डेंगू जांच की है। इनमें 824 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में मलेरिया के मरीजों की संख्या चार है लेकिन जिस तरह से बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है उससे यह आंकड़ा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आंकड़ों को सही ढंग से नहीं बताया जा रहा है। कई वर्षों बाद भी जिले में डेंगू के आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांवों में फॉगिंग व स्प्रे का कार्य किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों का कहना हैं कि पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग की टीम सरपंच व पंचों के घरों तक फॉगिंग करती है और गांव का बाकि हिस्सा में यह नहीं हो पाता है। मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अगर गांवों में इसे सही ढंग से करें तो मच्छरों के प्रकोप को कम किया जा सकता है। लेकिन खानापूर्ति होने से मच्छरों का आतंक पूरी तरह से बढ़ रहा है।
क्या कहते है जिला मलेरिया अधिकारी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ विंक्त्रस्म ने कहा कि लोगों को मच्छरों से बचने के लिए जरूरी उपाय करने चाहिए। लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या का बढ़ना अच्छा संकेत नहीं है। इसलिए सभी सावधानी बरतें।