माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तुगलपुर और परी चौक के टी-प्वाइंट व सर्विस लेन पर बसों की अराजकता खत्म कराने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए। इस बजट से गुर्जर भवन के सामने 5.5 मीटर चौड़ा नया रास्ता बनाया गया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले इसका इस्तेमाल शुरू कराने का दावा हवा-हवाई रह गया। बसें अब भी पुरानी जगह से ही सवारियां ले रही हैं।
प्राधिकरण ने दावा किया था कि इस रास्ते के बनने से ग्रीन बेल्ट के अंदर ही बसों में सवारियां चढ़ और उतर सकेंगी। इसके बाद बसें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकेंगी। हालांकि, एकल दिशा वाले इस पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट को अब तक उपयोगी नहीं बनाया जा सका है। बसों की आवाजाही के लिए बनाए गए प्रवेश द्वार पर ही वेंडरों का कब्जा है। जाम से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री ही इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
अंसल प्लाजा चौकी के सामने से बसें नहीं हटने के कारण व्यापारियों की समस्या भी जस की तस बनी हुई है। ग्रेनो प्राधिकरण और यातायात पुलिस की ओर से इसे उपयोगी बनाने के लिए कोई प्रयास होता नहीं दिख रहा है। तुगलपुर निवासी रविंद्र नागर का कहना है कि यातायात पुलिस, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और ग्रेनो प्राधिकरण की सख्ती से ही इसका इस्तेमाल शुरू हो सकता है।
वर्जन
ग्रेनो प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट बनकर तैयार हो चुका है। अब यहां से बसों का संचालन शुरू कराने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और यातायात पुलिस का सहयोग लिया जाएगा।