नूंह। जिले में शनिवार को कोरोना के 8 मरीज स्वस्थ हुए। वहीं 2 नए मामले भी सामने आए। तावडू के गवारका गांव में 1, पुन्हाना पेमाखेड़ा में नए केस मिले हैं। ठीक हुए सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
जिले में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है। हालांकि पिछले कई दिनों से पहले की अपेक्षा नए मामलों में कमी आई है। सिविल सर्जन डॉ. जेएस पुनिया ने कहा कि विभाग द्वारा संक्रमण रोकने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा लगातार जांच की जा रही है। कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की विभाग जांच कर रहा हैै।
बता दें, कि नूंह जिले में कोरोना के 61 मरीज हैं। कुल 545 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 472 मरीज ठीक हो चुके हैं। 14310 लोगों को सर्विलांस पर रखा जा चुका है, जिनमें से 10486 लोगों का निगरानी समय पूरा हो चुका है। 3824 लोगों की निगरानी जारी है। 13298 लोगों के सैंपल लैब में भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 12603 की निगेटिव रिपोर्ट आई है। 137 की रिपोर्ट आनी बाकी है।