-जीएम ने किया सेक्टर-50 के मेघदूतम व चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण जनरल मैनेजर एके अरोड़ा ने सोमवार को सेक्टर 50 के मेघदूतम पार्क और चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण किया। चिल्ड्रन पार्क में फैली गंदगी, गंदे शौचालय, पार्क को सही से मेंटेन न करने के चलते ठेकेदार पर दो लाख का जुर्माना लगाया गया है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर 51 मैनेजिंग कमेटी और निवासियों की ओर से अरविंद शर्मा और राजीव कुमार की ओर से पार्क की खराब हालत के बारे में जनरल मैनेजर को अवगत करवाया गया। बताया गया कि चिल्ड्रन पार्क सेक्टर 51 नोएडा में शौचालय की सफाई के लिए कोई व्यक्ति नियुक्त नहीं हुआ है। शौचालय हर समय गंदे पड़े रहते हैं। इसी तरह मेघदूतम पार्क सेक्टर 50 नोएडा में भी शौचालय हर समय गंदे ही मिलते हैं। ओपन जिम की हालत चिल्ड्रन पार्क सेक्टर 51 नोएडा और मेघदूतम पार्क सेक्टर 50 नोएडा में बेहद खराब है। सभी रबर टाइल्स उखड़ चुकी हैं। बुजुर्ग व्यक्ति इनमें उलझकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं।
ओपन जिम की अधिकतर ऑपरेटर मशीन खराब हैं। चिल्ड्रन पार्क में सिंचाई एक महीने से नहीं हुई है। दोनों ही पार्कों में हर ओर कूड़े का ढेर है डस्टबिन खाली नहीं होते हैं। पेड़ों की प्रूनिंग कभी नहीं हुई है सभी लाइटें पेड़ों से ढकी हुई हैं। हर दिन पहले की तरह सात सफाई कर्मी चिल्ड्रन पार्क और 23 माली, सफाई कर्मी मेघदूतम पार्क में आने चाहिए ताकि पार्क व्यवस्थित और साफ सुथरा रह सके। इस दौरान टीम नेम जल्दी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। चिल्ड्रन पार्क, मेघदूतम पार्क और सी ब्लॉक पार्क की कुछ लाइट ठीक करवा दी गई हैं। बची हुई लाइट जल्द ही ठीक करवा दी जाएंगी। इस दौरान असिस्टेंट डायरेक्टर प्रशांत भी मौजूद रहे।