डबल मर्डर में साजिशकर्ता और नामजद गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित अजनारा ली गार्डन सोसाइटी में सात सितंबर को डबल मर्डर के साजिशकर्ता निरंजन उर्फ निंजो पंडित और नामजद आरोपी रमेश उर्फ बलुसी को बिसरख कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को कैप्सूल कट से गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में दो लोगों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। वहीं, हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों शार्प शूटर अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। भाई कृष्ण की हत्या का बदला लेने के लिए मोहित ने फूफा सुरेश के साथ मिलकर साजिश रची थी। इस साजिश में निरंजन और रमेश भी शामिल थे। ये दोनों मोहित के भाई कृष्ण के दोस्त हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि कैप्सूल कट के पास दो युवक संदिग्ध हालात में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची टीम ने रमेश उर्फ बलुसी निवासी भगवतीपुर लख माजरा, रोहतक और निरंजन उर्फ निंजो पंडित निवासी पन्हेड़ा कला फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह डालचंद और अरुण त्यागी की हत्या का षड्यंत्र रचने में शामिल थे।
भाई की चिता पर मोहित ने खाई थी कसम
7 सितंबर को सोसाइटी में प्रॉपर्टी डीलर डालचंद उर्फ विराट और अरुण त्यागी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने फरीदाबाद के गांव पन्हेड़ा खुर्द निवासी मोहित और उसके फूफा हिस्ट्रीशीटर सुरेश शर्मा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने खुलासा कर बताया था कि डालचंद की हत्या भाई की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। मोहित के भाई कृष्ण की 2017 में मथुरा में हत्या कर दी गई थी। कृष्ण की चिता पर मोहित ने बदला लेने की कसम खाई थी। सुरेश के साथ साजिश रचकर उसने डालचंद व उसके साथी की हत्या हरियाणा के शार्प शूटरों से कराई थी।