आम्रपाली मामला : ड्रीम वैली के 8000 खरीदारों का सपना होगा पूरा
ग्रेटर नोएडा। आम्रपाली के ग्रेनो वेस्ट स्थित सबसे बड़े प्रोजेक्ट ड्रीम वैली में घर खरीदने वालों का सपना अब पूरा हो सकेगा। एनबीसीसी ने इसे बनाने वाली कंपनी का चयन कर लिया है। अब जल्द काम शुरू होगा। तीन साल में घर बनकर तैयार होंगे। निर्माण में करीब 1422 करोड़ रुपये के खर्च का आकलन है। आम्रपाली के ड्रीम वैली प्रोजेक्ट के लिए 2010 के शुरुआत में जमीन आवंटित की गई थी। बिल्डर ने 2010 के मध्य में प्रोजेक्ट लांच कर दिए। इसमें करीब 8000 फ्लैट हैं। अधिकतर फ्लैट बुक हैं। खरीदारों ने पैसे लगा रखे हैं। उस समय बिल्डर ने 2014 में पजेशन देने का वादा किया था। छह साल और बीत गए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनबीसीसी आम्रापाली के प्रोजेक्टों को पूरा करा रहा है। एनबीसीसी ने इस प्रोजेक्ट को पूरा कराने के लिए गिरधारी लाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को चुना है। कंपनी ने तीन साल में परियोजना को पूरा करने का आश्वासन दिया है। इससे 8000 खरीदारों को अब घर मिलने की उम्मीद है। इससे पहले आम्रपाली के कई अन्य प्रोजेक्टों पर काम शुरू हो चुका है। कोर्ट रिसीवर की निगरानी में ये प्रोजेक्ट बन रहे हैं। खरीदारों से भी बकाया भुगतान लेने की कोशिश की जा रही है। इस बाबत बैंकों को भी निर्देश दिए गए हैं। ड्रीम वैली प्रोजेक्ट शुरू होने पर नेफोवा के पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है।