ग्रेटर नोएडा। जनपद में जिला पंचायत के 5, बीडीसी के 119, ग्राम प्रधान के 88 और ग्राम पंचायत सदस्यों के 1,114 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा। 7 अप्रैल से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। कुल 1326 सीटों के लिए 2,06,545 मतदाता 19 अप्रैल को मतदान करेंगे। नतीजे 2 मई को आएंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए शासन ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत गौतमबुद्ध नगर में दूसरे चरण में मतदान कराया जाएगा। 7 से 8 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। 9 और 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। 11 अप्रैल को नामांकन पत्र की वापसी होगी। सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय तय किया गया है। 11 अप्रैल को ही 3 बजे के बाद चुनाव चिह्न जारी होंगे। 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने, नाम वापसी और नामांकन पत्रों की जांच का काम जिला मुख्यालय पर होगा। वहीं, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन पत्र दाखिल करने, नामांकन पत्र विक्रय, नाम वापसी, चुनाव चिह्न का आवंटन ब्लॉकों में होगा। चुनावी प्रक्रिया के लिए तय तारीखों पर अवकाश होने पर भी कार्यालय खुलेंगे।
---
रुक जाएंगे नए विकास कार्य
पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नए विकास कार्य नहीं हो सकेंगे। जिन क्षेत्रों में चुनाव होने हैं वहीं पर यह रोक रहेगी। शहरी क्षेत्र में विकास कार्य हो सकेंगे। अपर जिलाधिकारी दिवाकर सिंह ने बताया कि अधिसूचना जारी होने की तिथि (शुक्रवार) से ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। नए विकास कार्यों का एलान नहीं किया जा सकता। सभी को इसका पालन करना होगा। नतीजे आने तक अधिसूचना लागू रहेगी।
एक नजर मतदाताओं पर
ब्लॉक मतदाता
बिसरख 65832
दादरी 81683
जेवर 59030