मथुरा। भाई दूज पर बहनों को मायके पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। मथुरा डिपो की 195 बसें ऑन रोड रहेंगी। इसमें 120 बसें लोकल मार्गों पर संचालित होंगी, जबकि अन्य बसों को अन्य मार्गों पर चलाया जाएगा। सबसे अधिक बसों का संचालन आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद और दिल्ली मार्ग पर होगा।
बृहस्पतिवार को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक करके उसकी लंबी आयु की प्रार्थना करती हैं। यम की फांस से बचने के लिए मथुरा में भाई-बहन एक दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना में स्नान करते हैं। इस कारण यहां बाहर से भी श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं और बहनों को उनके मायके पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने सभी तैयारी कर ली हैं। एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि मथुरा डिपो में 195 बसें हैं।
भाई दूज पर सबसे अधिक आवागमन आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, दिल्ली मार्ग पर रहता है। इसलिए इन मार्गों पर 120 बसों को चलाया जाएगा। बाकी बची 75 बसों को अन्य मार्गों पर चलाया जाएगा। एआरएम ने बताया कि यात्रियों की संख्या अधिक होने पर लोकल मार्गों पर चलने वाली बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। भाई-दूज पर किसी को परेशानी न हो इसके लिए चालक-परिचालक को खास निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट कहा गया है कि किसी बच्चे, महिला और बुजुर्ग के साथ गलत व्यवहार न हो। यदि किसी की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।