अवैध कब्जा हटाती प्राधिकरण की टीम।
195 करोड़ की जमीन कब्जा मुक्त कराई
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों के खिलाफ 3 गांवों में शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर करीब 195 करोड़ रुपये कीमत की जमीन कब्जामुक्त कराई। 2 गांवों में अवैध कब्जों की वजह से सड़क निर्माण का कार्य रुका हुआ था। यहां जमीनों को कब्जा मुक्त कराया गया, वहीं तीसरे गांव में अवैध रूप से बनाई जा रही इमारत को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, प्राधिकरण की पुलिस व स्थानीय थाने की पुलिस मौजूद रही।
प्राधिकरण के ओएसडी डॉ. संतोष उपाध्याय ने बताया कि कोंडली बांगर में खसरा संख्या 151 व मोमनाथल में खसरा संख्या 48, 49 की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। इस वजह से सड़क निर्माण का कार्य नहीं हो पा रहा था। प्राधिकरण के वर्क सर्किल 10 एवं भूलेख विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी में जमीन को समतल कराया गया। साथ ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। यहां टीम ने 39000 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है, जिसका मुआवजा भी दिया जा चुका है। नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति, संस्था को प्राधिकरण की अनुमति के बिना भू-परिवर्तन का अधिकार नहीं है, न ही किसी प्रकार का निर्माण किया जा सकता है। अधिकारियों ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि क्षेत्र में काटी जा रहीं अवैध कॉलोनियों के कारोबार में लिप्त भू-माफियाओं के चंगुल में नहीं फंसे। भू-माफियाओं को भी अवैध निर्माण ध्वस्त करने और मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। वहीं, नंगला चरण दास स्थित खसरा संख्या 115, नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। भूलेख विभाग एवं वर्क सर्किल 7 की संयुक्त टीम के सहयोग से 250 वर्ग मीटर जमीन पर निर्माणाधीन भवन को सील किया गया।