10 वर्ष के बाद बीवां रोड पर चली रोडवेज बस
दस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हरियाणा रोडवेज की बस फिरोजपुर झिरका-बीवां रोड पर चलने पर ग्रामीणों ने खुशी मनाई। बीवां गां में बस पहुंचने पर चालक और परिचालक का ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस रोड पर बस चलाने के लिए ग्रामीणों ने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक राजीव नागपाल का आभार व्यक्त किया है।
पिछले एक दशक से बीवां रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। जिसकी वजह से इस रोड पर हरियाणा राज्य परिवहन के अधिकारियों ने बसों का परिचालन बंद कर दिया था। मजबूरन ग्रामीणों को अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों में बैठकर सफर करना पड़ रहा था। प्रदेश सरकार ने 65 करोड़ की लागत से फिरोजपुर झिरका-बीवां रोड को सीमेंट कंक्रीट का बनवा दिया है। फिलहाल एक बस बीवां रोड पर चलाई है। सुबह साढ़े नौ बजे बस के गांव बीवां में पहुंचने पर ग्रामीणों ने चालक और परिचालक फारूख अली एवं जमशेद का स्वागत किया।
पंचातय समिति के पूर्व सदस्य अख्तर हुसैन, यूसुफ खान, शोएब, पूर्व सरपंच रामस्वरूप, जगदीश चंद, रतन सिंह, मजलिस, इरफान, इसराईल, सोहनलाल, लेखराज, रुजदार, हारुन, जयबीर, रफीक, जाकिर, कैलाश पहलवान ने फिरोजपुर झिरका से बीवां तक बस चलाने पर जीएम रोडवेज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मांग की कि दिन में और भी लंबे रूट पर बसों को चलाएं ताकि दोनों प्रदेशों के लोगों को इनका लाभ मिल सके।
- इन गांवों को मिलेगा बस का लाभ
फिरोजपुर झिरका-बीवां रोड पर रोडवेज बस चलने से इस रोड पर स्थित गांव कामेंड़ा, अखनाका, रीगड़, अलीपुर तिगरा, हिरवाडी़, बावनठेड़ी, घाटा शमसाबाद, बसईमेव, बीवां, फोंदाबास, मनैयाबास, दोरक्खी, नब्बूबास, राजस्थान के गंड़सौरा, घीसेड़ा, धीमरी सहित कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
- बस चलने का समय
बस स्टैंड फिरोजपुर झिरका से रोडवेज बस सुबह 9 बजे बीवां के लिए जाएगी। वहां से 10 बजे बस फिरोजपुर झिरका होते हुए नूंह जाएगी। शाम 4 बजे पुन: बस फिरोजपुर झिरका से बीवां जाएगी तथा पांच बजे बीवां से वापस फिरोजपुर झिरका के लिए आएगी।
फिलहाल सुबह और शाम दिन में दो बार हरियाणा रोडवेज की बस बीवां तक चलाई है। ग्रामीणों की मांग पर इस रूट पर और भी बसें शीघ्र चलाई जाएंगी। ताकि दिन में भी लोगों को बसों की समस्या से परेशान न होना पड़े।
- राजीव नागपाल, जीएम, हरियाणा रोड़वेज।