-ग्रेनो वेस्ट स्थित क्रिस्टल होम सोसाइटी की मार्केट की घटना
-चोरी करने वाले दो युवक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित क्रिस्टल होम सोसाइटी की मार्केट में शनिवार रात एक ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर नकदी और लाखों के गहने चोरी कर लिए गए। वारदात को अंजाम देने वाले चोर सीसीटीवी में कैद हुए हैं। बिसरख कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्रिस्टल होम सोसाइटी की मार्केट में एक व्यक्ति की श्री श्याम ज्वेलर्स नाम से दकान है। सोसाइटी परिसर में दुकान मालिक का फ्लैट हैं। जहां वह परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात करीब 3:30 बजे दो चोर पहले ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर अंदर घुसते हैं। फिर दुकान की अलमारी को तोड़कर करीब नकदी और लाखों के गहने लेकर फरार हो जाते हैं। चोरी करने वाले दोनों चोर सीसीटीवी में कैद हुए हैं। दुकान मालिक को अगले दिन सुबह रविवार को चोरी की जानकारी हुई। जिसके बाद उन्होंने तुरंत ही पुलिस को भी जानकारी दी है।
चोर कान, नाक, गले की सोनी चांदी की करीब 18 लाख रुपये के गहने व 40 हजार रुपये नकद ले गए हैं। सूचना पर बिसरख कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की ओर से सीसीटीवी जांच को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर दुकान के बाहर लगे कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि मामले में मुकदमा पंजीकृत है। सीसीटीवी फुटेज व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई करते हुए घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
देर रात तक मार्केट खुली रहने से लगता है जमावड़ा
निवासियों का कहना है कि मार्केट मुख्य रोड से सटी हुई है। सोसाइटी परिसर में गार्ड तो रहते हैं लेकिन मार्केट के आसपास कोई गार्ड तैनात नहीं रहता है। इस कारण बाहरी लोगों का भी मार्केट के आसपास देर रात दुकान खुलने से जमावड़ा लगता रहता है। देर रात तक यहां शराबी युवक हंगामा कर बहसबाजी करते हैं।