भारद्वाज ने कहा - दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर वार किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने रविवार को भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था पर वार करते हुए 170 मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए हैं। अगस्त में 31 क्लीनिक पहले ही बंद हो चुके थे। इस फैसले से सैकड़ों कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। हर दिन करीब 20 हजार मरीजों का मुफ्त इलाज बंद हो गया है।
भाजपा सरकार ने दिवाली जैसे अवसर पर सैकड़ों परिवारों की आजीविका छीन ली। कर्मियों को बिना लिखित आदेश के सिर्फ फोन पर कल से मत आना कहकर नौकरी से हटा दिया गया। इनमें डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और एमटीएस जैसे कर्मचारी शामिल हैं जो प्रति मरीज मामूली भुगतान पर काम कर रहे थे। भाजपा ने चुनाव से पहले जनता की कोई भी सुविधा बंद नहीं करने का वादा किया था जबकि अरविंद केजरीवाल ने चेताया था कि भाजपा आई तो मोहल्ला क्लीनिक बंद कर देगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा था कि कर्मचारियों को आरोग्य मंदिर में समायोजित किया जाएगा लेकिन अब नोटिस थमा दिए गए।