करहेड़ा समेत 11 गांवों के लोगों ने की शिक्षामंत्री से मुलाकात
मंत्री ने दिया 10वीं व 12वीं तक के विद्यालय खोलने का भरोसा
नगीना। करहेड़ा समेत आसपास के 11 गांवों के लोगों ने शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज से मुलाकात की। ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष अपनी मांगें पेश करते हुए कहा कि यहां कुल 13 स्कूल हैं लेकिन एक भी 10वीं और 12वीं तक का स्कूल नहीं है। इसकी वजह से अधिकतर लड़कियां घर बैठ जाती हैं।
नगीना स्थित 12वीं तक का स्कूल यहां से 12 किलोमीटर दूर पड़ता है। इससे ड्रॉप आउट काफी तेजी से बढ़ रहा है। मंत्रियों ने विश्वास दिलाया कि 12वीं तक का स्कूल गांव करहेड़ा में जल्द खोला जाएगा। नए शिक्षा सत्र से यहां कक्षाएं शुरू कर दिए जाने की संभावना है। सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को सार्थक बनाने के लिए कार्य कर रही है। वहीं दूसरी ओर लोगों का कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं नहीं शुरू हुईं तो वे 31 जनवरी के बाद फिर से धरना शुरू करेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता कासम, हाकम, पंच अकबर ने कहा कि हमारे गांवों की मांग वाजिब है फिर भी सरकार इसे तवज्जो नहीं दे रही है मजबूरन लोगों को धरना देना पड़ा।