यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड नंबर आठ की प्रोफेसर कॉलोनी में 15.49 लाख की लागत से होने वाले विकास कार्याें का शिलान्यास मंगलवार को किया गया। यहां नगर निगम द्वारा जेके इलेक्ट्रिकल दुकान से लेकर ललित के घर तक पक्की गली व नालियां का निर्माण किया जाएगा। मेयर सुमन बहमनी ने पार्षद विभोर पाहुजा और भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़ के साथ मिलकर नारियल फोड़ विकास कार्य का शुभारंभ किया।
सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे है। अनेक बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए है। हर वार्ड में गलियों व नालियों का निर्माण करवाया जा रहा है, ताकि लोगों को आसान राह मिले।
विज्ञापन
उन्होंने आमजन से अपील की कि शहर को सुंदर, साफ, स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने में सभी सहयोग करें। नगर निगम के हर वार्ड के नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा मुख्य उद्देश्य है।
इसी को ध्यान में रखकर बिना भेदभाव हर वार्ड में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के साथ अन्य सभी आवश्यकताओं को पूरा किया जा रहा है। मौके पर निगम अभियंता मृणाल जायसवाल, कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।