जामिया ने कतर में मनाया 98वां स्थापना दिवस
- विवि 100वें स्थापना दिवस पर अमेरिका, आस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर में आयोजित करेगा कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने रविवार को कतर में अपना 98वां स्थापना दिवस मनाया। विश्वविद्यालय अपने 100वें स्थापना दिवस के मौके पर अमेरिका, आस्ट्रेलिया, कनाडा व सिंगापुर में भी कार्यक्रम आयोजित करेगा। विदेशों में स्थापना दिवस मनाने का मकसद अपने विदेशी छात्रों के साथ खुशियों को सांझा करना और उन्हें भारत में आकर उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। खास बात यह है कि दुनियाभर से 70 से अधिक देशों के छात्र जामिया से पासआउट हैं, जिसमें सऊदी के छात्रों की संख्या लाखों में है।
जामिया प्रबंधन ने कतर स्थित दोहा में स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। आयोजन जामिया एल्युमिनाई नेटवर्क के बैनर तले हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एपी सिद्दीकी (आईपीएस) मुख्य अतिथि रहे। जबकि जनसंपर्क अधिकारी अहमद अजीज विशेष तौर पर मौजूद थे। रजिस्ट्रार सिद्दीकी ने कहा कि आईआईटी की तर्ज पर जामिया दुनियाभर से अपने पूर्व छात्रों को जोड़ेगा। विश्वविद्यालय गरीब छात्रों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए योजना बना रहा है। इसमें छात्रवृत्ति भी मुहैया करवाई जाएगी। रोजगार से लेकर नए कार्यक्रम के लिए पूर्व छात्रों के सहयोग की जरूरत रहेगी। प्रो. सिद्दीकी ने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय के विकास समेत आर्थिक सहयोग की भी अपील की।
कार्यक्रम के आयोजक नजमुल हसन खान ने बताया कि कतर के प्रमुख लोगों को भी इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। जामिया एल्युमिनाई स्थापना दिवस को पूर्व छात्र जौहर दिवस के रूप में मनाते हैं।