हिंदू धर्म में ब्रह्मा, विष्णु व महेश का स्थान सर्वोपरि है। इसलिए हम अयोध्या में भगवान श्रीराम, काशी विश्वनाथ में शिव मंदिर तो द्वारका में श्रीकृष्ण मंदिर बनाना चाहते हैं। भारत मुस्लिम राष्ट्र नहीं, बल्कि हिंदू राष्ट्र था। यदि भारतीय मुसलमानों का डीएनए जांचा जाए तो पता चलेगा कि पहले सब हिंदू थे। उनका डीएनए वहीं होगा जो मेरा या आपका होगा। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने शुक्रवार को जेएनयू में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
जेएनयू कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि रामजन्म भूमि के लिए 77 बार दंगे हुए, लेकिन आस्था आज भी कायम है कि अयोध्या में ही भगवान श्रीराम का मंदिर बनेगा। मस्जिद का ढांचा इस्लाम धर्म में शामिल नहीं है। इसलिए बाबरी मस्जिद के ढांचे को ढहाने में कोई दिक्कत नहीं है।
भारत एक हिंदू राष्ट्र है। इसलिए हिंदुस्तान को हिंदू शासित देश बनाना ही होगा। स्वामी ने कहा कि हिंदू होने के नाते मुझे मूलभूत अधिकार मिलना चाहिए। इसके तहत मंदिर में पूजा करने का अधिकार भी देना होगा। स्वामी ने कहा कि 20 दिसंबर को राजकोट में बैठक है। इसमें हम राममंदिर बनवाने को लेकर आगामी रणनीति तय करेंगे। इसमें केंद्र सरकार से राम मंदिर बनवाने की मांग रखेंगे।