सीईओ से रजवाहा शुरू कराने की मांग
रबूपुरा। क्षेत्र के किसानों ने बुधवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र देकर रजवाहे को चालू करने की मांग की है। प्राधिकरण ने अपने अधिसूचित क्षेत्र में रजवाहों को ध्वस्त कर दिया था, जिन किसानों ने अभी मुआवजा नहीं लिया है, वो अपनी जमीन पर खेती कर रहे है। किसान बलवंत सिंह, कालीचरन, श्योराज सिंह, राजेंद्र, करतार सिंह, सतेंद्र और जगदीश आदि ने कहा है कि गांव चांदपुर, आछेपुर और उतरावली के किसानों की भूमि की सिंचाई के लिए पानी आपूर्ति करने वाली रजवाहे को प्राधिकरण ने खत्म कर दिया है। मुआवजा नहीं लेने वाले किसानों की फसल प्रभावित हो रही है। किसानों के अधिग्रहण संबंधी मामला न्यायालय में विचाराधीन है। किसानों का कहना है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह कोर्ट की शरण लेंगे। ब्यूरो
---
विद्युत विभाग ने 2.10 लाख वसूले
रबूपुरा। बिजली विभाग के राजस्व प्रभारी सतेंद्र चौहान ने बताया कि बुधवार को उपकेंद्र जेई अनिल कुमार, टीजीटू राम अवतार सैनी ने टीम के साथ कस्बे में बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 2.10 लाख रुपये की वसूली की। करीब दस लाख के 15 बकाएदारों का कनेक्शन काटा गया है। वहीं गांव मकसूदपुर और चकबीरमपुर में अभियान चलाया गया। जहां से कोई रकम वसूल नहीं हो सकी। करीब दो दर्जन बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ब्यूरो