सामाजिक संपर्क से जुड़े कोर्सों का बढ़ा क्रेज
इग्नू ने शुरू किया इवेंट मैनेजमेंट कोर्स, बीएसडब्ल्यू, एमएसडब्ल्यू, हेल्थ केयर की भी बढ़ी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। अब विश्वविद्यालयों में बाजार की मांग को देखते हुए पाठ्यक्रम शुरू हो रहे हैं। सामाजिक संपर्क से जुड़े ज्यादा से ज्यादा कोर्स जोड़े जा रहे हैं। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी नेे भी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट पाठ्यक्रम इस सत्र से शुरू किया है। नोएडा केंद्र में 17 दाखिले हुए हैं। पिछले दो सत्र से बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के कोर्स की भी मांग रही थी। बीएसडब्ल्यू में दाखिला लेने वालों का आंकड़ा 4 गुना ज्यादा रहा है। नौकरी में ज्यादा संभावनाओं वाले कोर्स को पिछले कुछ सालों से प्राथमिकता दी जा रही है। आज सामाजिक संपर्क में खूब नौकरियां निकल रही हैं। मल्टी नेशनल कंपनी, एनजीओ, अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग समेत हर जगहों पर नौकरियां निकल रही हैं। इस वजह से बैचलर डिग्री इन सोशल वर्क, मास्टर डिग्री इन सोशल वर्क, इवेंट मैनेजमेंट जैसे कोर्स की मांग बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है ऐसे कोर्स करने के बाद जॉब आसानी से मिलती है। आज कल हर क्षेत्र में इन कोर्सों की मांग है।
इग्नू नोएडा के निदेशक डॉ. गुलाब झा ने बताया कि बाजार के अनुसार कोर्स की मांग है। पिछले कुछ साल में इवेंट मैनेजमेंट का चलन बहुत बढ़ गया है। छोटे से बडे़ कार्यक्रम के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का सहारा लिया जा रहा है। लिहाजा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। 17 बच्चों ने जुलाई में ही दाखिला लिया है। धीरे-धीरे इस कोर्स की जानकारी सबको मिल जाएगी। दाखिले और बढ़ जाएंगे।