जल संचय में छिपा है संरक्षण का राज : सींचेवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पंजाब में प्रदूषित जल को साफ करने का बीड़ा उठाने वाले पद्मश्री बलवीर सिंह सीचेंवाल ने कहा कि जल संकट से देश को बचाने के लिए रेन ड्रेन पर शिकंजा कसना जरूरी है। बारिश के पानी का संचय किया जाना चाहिए। इसके लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाने से भूजल स्तर में सुधार आएगा। पानी का खेती में दोबारा इस्तेमाल किया जाना चाहिए, इससे न तो खाद की जरूरत होगी और फसल भी अच्छी होगी। पर्यावरण प्रेमी सींचेवाल ने बताया कि नदियों को प्रदूषण मुक्त करने की दिशा में प्रयास और तेज किया जाना चाहिए।
अमर उजाला से खास बातचीत में सींचेवाल ने बताया कि पौधरोपण करने सहित पानी को दोबारा इस्तेमाल करने से जलसंकट की स्थिति से बचना संभव है।
-------------
जीएसआर को अपनाना जरूरी
केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि ग्रीन गुड डीड्स ने, ग्रीन गुड बिहेवियर और ग्रीन सोशल रेस्पांसबिलिटी(जीएसआर) से देश के पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकेगा। इसके लिए सभी को आगे कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने संत ईश्वर सम्मान 2018 के लिए समाजसेवी खैराती लाल खन्ना और संत ईश्वर फाउंडेशन के अध्यक्ष कपिल खन्ना की सराहना करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग प्रदेशों से उन प्रतिभाशाली लोगों का चयन किया गया है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज और देश के विकास के लिहाज से उत्कृष्ट कार्य किए हैं।