राम मंदिर जल्द बनाने के लिए कानून लाए सरकार-धनीराम
ग्रेटर नोएडा। आरएसएस की बैठक रविवार को आईआईएमटी कॉलेज में हुई। इसमें 9 दिसंबर को रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक में आरएसएस के सहयोगी संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय मजदूर संघ, अखिल भारतीय शैक्षिक संघ, सेवा भारती, हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद, अधिवक्ता परिषद व संस्कृत भारती के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह व दादरी विधायक तेजपाल नागर मौजूद रहे। इस मौके पर मेरठ प्रांत प्रचारक धनीराम ने कहा कि उच्चतम न्यायालय से श्रीराम मंदिर केस की शीघ्र सुनवाई के लिए आग्रह किया गया है। 9 दिसंबर को रामलीला मैदान में महारैली में जिले से 450 बसों से रामभक्त प्रस्थान करेंगे।
--------------
छोटे प्लॉटों की योजना 25 दिसंबर को लाने की तैयारी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण 25 दिसंबर को आवासीय योजना लांच करने की तैयारी कर रहा है। इसमें 60 और 90 वर्ग मीटर के प्लॉट लाने की तैयारी है। करीब दो हजार प्लॉट शामिल किए जाएंगे। 17 नवंबर को खत्म हुई योजना में 60 व 90 मीटर के प्लॉट के लिए सबसे अधिक आवेदन पत्र आने के चलते प्राधिकरण ने यह निर्णय लिया है। 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर योजना लांच हो सकती है। ब्यूरो
----------
चुनाव में पश्चिमांचल राज्य बनाने का मुद्दा उठाएगी आप
ग्रेटर नोएडा। आप ने जिले में लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। रामपुर जागीर में हुई बैठक में जिला प्रभारी सीएम चौहान व जिलाध्यक्ष केपी सिंह शामिल रहे। बैठक का मुख्य मुद्दा पश्चिमांचल राज्य बनाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना रहा। वहीं, जिला कमेटी का पुनर्गठन किया गया, अलीका को जिला महिला अध्यक्ष, उमेश गौतम को नोएडा विधान सभा प्रभारी, अनिल कुमार को दादरी विधान सभा प्रभारी व अजय कुमार को दादरी यूथ विंग का दायित्व सौंपा गया। जेवर विधान सभा के लिए प्रो एके सिंह व भूपेंद्र जादौन की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान उर्वशी, दिलदार अंसारी, आफताब आलम, महरूफ आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
----------
छात्राओं को बांटे स्वेटर
ग्रेटर नोएडा। रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की तरफ से रविवार को छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए। क्लब के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बताया रामकौर बालिका विद्यालय दुजाना ग्रेटर नोएडा के 22 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं को स्वेटर बांटे गए हैं। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ महेंद्र नागर, वीरेंद्र प्रमुख, अतुल प्रधान, नरेंद्र भाटी आदि मौजूद रहे।