सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता के उत्सव फूल वालों की सैर की सोमवार को शुरुआत हुई। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाई। आयोजक अंजुमन सैर ए गुलफरोशां के प्रतिनिधियों ने इस मौके पर उपराज्यपाल को फूलों का पंखा भेंट किया। अनिल बैजल के मुताबिक, सांप्रदायिक सौहार्द व राष्ट्रीय एकता कायम करने का यह अनूठा आयोजन है। यह विविधता में एकता और एक-दूसरे का सम्मान करने वाली हमारी संस्कृति का प्रतीक भी है।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी आयोजकों ने फूलों का पंखा भेंट किया। केजरीवाल ने कहा कि आज समाज में धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है और उनमें नफरत के बीज बोये जा रहे हैं। ऐसे में सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता को बढ़ावा देने वाले ऐतिहासिक फूल वालों की सैर जैसे उत्सवों को धूमधाम से मनाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक फूल वालों की सैर महरौली स्थित सूफी संत ख्वाजा कुतुबद्दीन बख्तियार काकी की दरगाह पर दोनों समुदाय हिंदू और मुसलमान ढोल-ताशों के साथ फूलों की चादर और पंखा चढ़ाएंगे और पांडव कालीन योगमाया जी मंदिर’ में फूलों का छत्र और पंखा चढ़ाएंगे। आयोजन के आखिरी दिन 17 नवंबर को देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले सांस्कृतिक दल समारोह में अपनी लोक कलाओं की झलक पेश करेंगे।