छठ पूजा अब दिल्ली की धार्मिक-सांस्कृतिक का हिस्सा : चावला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोक आस्था का महापर्व छठ अब दिल्ली की धार्मिक, सांस्कृतिक का हिस्सा चुका है। दिल्लीवासी भी छठ मैया के आशीर्वाद की कामना करते हैं। इस आयोजन को सफल बनाना हमारा दायित्व भी है। इसके लिए निगम की ओर से हर संभव मदद मिल रही है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से यहां आकर बसे लोगों का राजधानी की प्रगति में बड़ा योगदान है। हम उनकी हर खुशी में शामिल होते हैं। यह बात दक्षिण दिल्ली नगर निगम के महापौर नरेंद्र चावला ने घाटों के निरीक्षण के दौरान कहीं। उसके साथ वार्ड समिति मध्य जोन के अध्यक्ष कमलेश शुक्ला और उपायुक्त रमेश वर्मा ने भी आईटीओ सहित अन्य घाटों का जायजा लिया।
चावला ने छठ घाटों पर सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, स्ट्रीट लाइटें, सहायता बूथ, रखरखाव सहित तमाम बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए। ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो। चावला ने कहा कि छठ पर्व को पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा से मनाने में पूरी दिल्ली का योगदान रहेगा। निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ विभिन्न विभागों के प्रमुख भी मौजद रहे।