एससी-एसटी एक्ट में संसोधन
के लिए धरना, सिर मुंडवाए
- एसडीएम को सौंपा पीएम और सीएम को संबोधित ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर। एससी-एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ संसद में लाए गए अध्यादेश के विरोध में सोमवार को जेवर तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपने सिर मुंडवाए। केंद्र सरकार पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया।
जन अधिकार फांउडेशन के सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को अध्यादेश का विरोध करने तहसील पहुंचे। नाराज कार्यकर्ता तहसीलदार कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन किया। लगातार धरना-प्रदर्शन के बाद भी अध्यादेश में बदलाव न होने से नाराज दर्जनों कार्यकर्ता ने विरोध में सिर मुड़वाए और केंद्र सरकार पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार विजय शंकर मिश्रा व उपजिलाधिकारी प्रसून द्विवेदी को प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे। लोगों ने चेतावनी दी कि झूठे मुकदमे कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी से पहले जांच की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सिर मुंडवाने वालों में संजय शर्मा, शिवराम भारद्वाज, गौरव पाठक, विनोद शर्मा, केपी सिंह, करन भाटी, देवेंद्र भारद्वाज, प्रदीप अत्री, हीरालाल शर्मा शामिल रहे।