बिना पुलिसकर्मी सड़क पर नहीं लगेगा बैरियर्स : एलजी
- अपराध संभावित क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने का कहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सख्त निर्देश दिया कि बगैर पुलिसकर्मी के सड़क पर कहीं भी बैरियर्स नहीं लगाने हैं। वहीं, अपराध संभावित क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी जरूरी है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस का लेखा परीक्षा प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाए। अनिल बैजल बृहस्पतिवार को कानून और व्यवस्था की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
इससे पहले दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त ने इस संबंध में कानून और व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर प्रस्तुति दी। इसमें बताया गया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला हेल्प लाइन नंबर 1091 उचित तरीके से काम रहा है। वहीं, लड़कियों के स्कूल/कालेज के पास टीम की तैनाती की गई है। इसके अलावा देर रात काम से घर लौटने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 749 वैन चलाई जा रही है। उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि अपराध वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। वहीं, पुलिस को ऐसा तंत्र विकास करना चाहिए, जिससे ड्रग्स की सप्लाई, कम आयु के युवाओं को शराब परोसना आदि का पता चल सके। उपराज्यपाल ने आगे कहा कि बिना पुलिस कर्मी के सड़क पर बैरियर न लगाया जाए। बैरियर की दृश्यता बनाए रखने के लिए उस पर रिफलैक्टिव टेप लगाया जाए।