अब छुट्टी प्रमोशन में नहीं बनेगी बाधा
- विश्वविद्यालयों की मांग पर यूजीसी ने दी राहत, एपीआई स्कोर में नहीं जुड़ेंगी छुट्टी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अब छुट्टी का समय प्रमोशन में बाधा नहीं बनेगा। विश्वविद्यालयों की मांग पर सरकार ने एपीआई (एकेडमिक परफॉर्मेंस इंडीकेटर्स) स्कोर में बदलाव किया है। अब यदि प्रोफेसर छुट्टी लेते हैं तो प्रमोशन के दौरान एकेडमिक और रिसर्च की अवधि नहीं जोड़ी जाएगी। इस संबंध में कुलपतियों को पत्र लिखकर नए नियम के तहत काम करने का निर्देश दिया गया है।
यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को पत्र लिखकर एपीआई स्कोर में बदलाव लागू करने को कहा है। पत्र में लिखा है कि यदि कोई प्रोफेसर स्वास्थ्य, शिक्षा, बच्चों की देखभाल, मातृत्व अवकाश या कोई अन्य छुट्टी लेता है तो उसका असर प्रमोशन में नहीं होना चाहिए। छुट्टी के दौरान की अवधि को एपीआई स्कोर में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके तहत प्रमोशन में दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
यूजीसी काउंसिल की दो अगस्त की बैठक में एपीआई स्कोर के नियम में बदलाव किया गया है। अब छुट्टी के दौरान की अवधि एकेडमिक व रिसर्च स्कोर में नहीं जुड़ेगी। अभी तक छुट्टी लेने की अवधि भी पढ़ाने के घंटे में शामिल होती थी। इसके चलते शिक्षकों की प्रमोशन के दौरान पढ़ाने के घंटे का स्कोर कम हो जाता था। यूजीसी ने यूजीसी रेगुलेशन 2018 (मिनिमम क्वालिफिकेशन फॉर अपाइंटमेंट ऑफ टीचर एंड अदर्स एकेडमिक स्टाफ इन यूनीवर्सिटीज) के तहत छुट्टी लेने की अवधि को इस प्रक्रिया से बाहर कर दिया है।